
झाडला/कुरावर। शनिवार की देर शाम को कुरावर-नरसिंहगढ़ मार्ग पर झाडला जोड़ के यहां लकड़ी से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली और बाइक के बीच हुई जोर की भिड़ंत में बाइक सवार पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रुप से घायल हो गई. इनके साथ मौजूद दो बच्चे पूरी तरह सकुशल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार माना निवासी रोहित और उनकी पत्नी आरती अपने तीन साल के बालक एवं दस माह की बालिका के साथ माना से तिंदोनिया की और जा रहे थे. इसी बीच झाडला जोड़ के यहां झाडला तरफ से कुरावर की ओर जा रही ट्रेक्टर ट्रॉली और बाइक के बीच जोर की टक्कर हो गई. दुर्घटना में पति और पत्नी गंभीर रुप से घायल हो गये. इन्हें तुरंत कुरावर अस्पताल ले जाया गया. जहां उपचार के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ दिया. जबकि महिला को भोपाल रेफर किया गया है. इनके साथ मौजूद दोनों बच्चे सकुशल है. घटना की जानकारी लगते ही परिजन, ग्रामीण मौके पर पहुंचे. घटना के बाद ट्रेक्टर ट्रॉली चालक मौके पर से फरार हो गया.
