एटीएम काटकर चोरी करने वाले अन्तरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। कोहेफिजा थाना पुलिस ने एटीएम मशीन काटकर चोरी करने वाले एक अन्तरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी इससे पहले मध्यप्रदेश के नीमच जिले सहित हरियाणा, महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी वारदात कर चुके हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एटीएम काटने में प्रयुक्त उपकरण, खतरनाक हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त की है.

शनिवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस उपायुक्त जोन-3 अभिनव चौकसे ने बताया कि आरोपी लालघाटी चौराहे के पास एटीएम में चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. इससे पहले कि वे अपने मंसूबों में सफल होते, पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि आरोपी एटीएम के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को पहले कवर कर देते थे, फिर मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी चोरी करते थे.

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-3 शालिनी दीक्षित ने बताया कि आरोपियों की कार से एक छोटा गैस सिलेंडर, दो छोटे ऑक्सीजन सिलेंडर, पाइप, लोहे का हुक, बड़ी सब्बल, लोहे की रॉड, घुमावदार रॉड, बड़ा पेचकस, काला पेंट स्प्रे, तांबे का नोजल, चार धारदार तलवारें, एक छुरा तथा नंबर प्लेट बरामद की गई है. वारदात में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.

सहायक पुलिस आयुक्त शाहजहानाबाद अनिल वाजपेई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरियाणा और राजस्थान के निवासी हैं. गिरोह का मास्टरमाइंड शाहबुद्दीन बताया गया है. उसके साथ शौकुल, वकील, मौसम और नसीम को भी गिरफ्तार किया गया है.

थाना प्रभारी कोहेफिजा कृष्ण गोपाल शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने लालघाटी क्षेत्र में एटीएम काटकर चोरी करने के इरादे से भोपाल आने की बात स्वीकार की है. आरोपियों ने वर्ष 2023 में नीमच जिले सहित अन्य राज्यों में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम देने की जानकारी दी है. फिलहाल सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है.

Next Post

पल्लीवाल महिला मंडल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

Sat Jan 17 , 2026
ग्वालियर। पल्लीवाल महिला मंडल ग्वालियर का शपथ ग्रहण समारोह जैन छात्रावास पर समाजसेवा की शपथ के साथ आयोजित हुआ। वर्षभर के कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। मनोरंजन, हाउजी गेम खिलाया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष शशि जैन, उपाध्यक्ष आरती जैन, सचिव शशि जैन, सहसचिव संगीता जैन, कोषाध्यक्ष मिनी जैन, सह […]

You May Like

Play sound