भोपाल: ड्रग नेटवर्क मामले में सेंट माइकल स्कूल, इब्राहिमपुरा के संचालक-प्रिंसिपल आबान शकील की गिरफ्तारी के बाद जांच की दिशा अब एक बड़े और संगठित नेटवर्क की ओर मुड़ गई है। क्राइम ब्रांच की पड़ताल में सामने आया है कि यह मामला सिर्फ नशे की तस्करी तक सीमित नहीं, बल्कि शहर के हाई-प्रोफाइल सामाजिक दायरों में पैठ बनाने की साजिश का हिस्सा भी था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आबान शकील का संपर्क क्लबों, जिम और तथाकथित एलीट यूथ सर्किल से बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसने कम उम्र की लड़कियों को ड्रग सप्लाई चेन में मोहरे की तरह इस्तेमाल किया। इस नेटवर्क का विस्तार राज्य की सीमाओं से बाहर तक होने की आशंका जताई जा रही है।क्राइम ब्रांच अब इस पूरे तंत्र के पीछे बताए जा रहे बड़े सप्लायर ‘बाबा खान’ तक पहुंचने की तैयारी में है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ग्राहक सूची में आम युवा ही नहीं, बल्कि प्रभावशाली तबके से जुड़े लोग और युवतियां भी शामिल बताए जा रहे हैं। इन्हीं कड़ियों के चलते मामला अब संगठित अपराध, सोशल नेटवर्किंग के दुरुपयोग और प्रभावशाली लोगों की संभावित संलिप्तता की ओर इशारा कर रहा है।फिलहाल जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
