जबलपुर: शुक्रवार को संभाग क्रमांक 3 रामपुर के अंतर्गत स्वच्छता अभियान के तहत विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले दो संस्थानों पर कुल 7,000 रुपये का स्पॉट फाइन निगम के अमले द्वारा लगाया गया। इस संबंध में सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी ने बताया कि स्वच्छता के प्रति लापरवाही बरतने वालों को कड़ा संदेश देते हुए निगम की टीम ने हरिओम डेरी ग्वारीघाट अवधपुरी कॉलोनी के सामने स्थित इस डेयरी के संचालक प्रेम रजक द्वारा दुकान के पीछे भारी गंदगी पाई गई।
जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने उन पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया। इसी प्रकार सेठी नगर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने डिस्पोजल और पाउच का अंबार पाए जाने पर राजेंद्र जायसवाल के विरुद्ध 2,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाना न केवल शहर की सुंदरता को बिगाड़ता है, बल्कि यह जन स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत हानिकारक है।
