नुक्कड़ नाटकों से सजी लोकतंत्र की पाठशाला

जबलपुर: श्रीराम ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट का परिसर शुक्रवार को उस समय लोकतंत्र के रंगों से सराबोर नजर आया, जब चारों ओर ढोलक की थाप, संवादों की गूंज और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच जिला स्तरीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मंच नहीं था, पर संदेश बुलंद था—हर नाम, हर वोट, हर नागरिक जरूरी है। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने में जहां एक एक वोट कीमती होता है, वहीं मतदाता सूची शुद्ध एवं अद्यतन होना भी जरूरी है। सही एवं शुद्ध मतदाता सूची से न केवल पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित होती है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होती है। जिला स्वीप समन्वयक डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को मतदाता सूची के प्रति जागरूक करना है।
कहीं हास्य, कहीं व्यंग्य, तो कहीं भावनात्मक संवाद
दर्शकों के बीच मौजूद युवा, शिक्षक और अधिकारी पूरे मनोयोग से प्रस्तुतियां देखते नजर आए। कहीं हास्य था, कहीं व्यंग्य, तो कहीं भावनात्मक संवादों ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। छात्र-छात्राएं कभी मतदाता बनकर, तो कभी बूथ लेवल अधिकारी की भूमिका में उतरते दिखे और दर्शकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने व राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व से रूबरू कराया।
छह महाविद्यालयों की टीमें सेमीफाइनल में पहुंची
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत जिला निर्वाचन कार्यालय की स्वीप शाखा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के 21 शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के लगभग 250 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। पहले दिन की प्रस्तुतियों के आधार पर छह महाविद्यालयों की टीमों को सेमीफाइनल के लिए चुना गया है। प्रतियोगिता का फाइनल रविवार 17 जनवरी को आयोजित होगा।

Next Post

बिल्डर ने आधे रास्ते में रोक दिया सड़क निर्माण

Sat Jan 17 , 2026
जबलपुर: गजरथ नगर एवं भूकंप कॉलोनी के रहवासियों का समूह पार्थ डेवलपर के मनीष सोनी के खिलाफ लामबंद हो गया है। वजह…गजरथ नगर से भूकंप कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क निर्माण को आधे रास्ते में रोक देना। जहां एक ओर मनीष सोनी ने अपनी जमीन होने का दावा करते […]

You May Like