ग्वालियर: अंततः अंतरराष्ट्रीय कै. रूपसिंह स्टेडियम की लीज अवधि फिर से 30 वर्षों के लिये ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के नाम बढ़ा दी गई। इस लीज अवधि बढ़ाने का विरोध सांसद भारत सिंह कुशवाह ने निगम सभापति मनोज तोमर को पत्र लिखकर किया था, लेकिन एमआईसी द्वारा महापौर को अधिकार दिये जाने के बाद लीज बढ़ाने का मामला जब निगम परिषद में पहुंचा तो लीज स्वीकृति दे दी गई। हालांकि कुछ पार्षदों ने इसका विरोध भी किया।
ज्ञांतव्य है कि ग्वालियर के कै. रूप सिंह स्टेडियम पर अब फिर से जीडीसीए का कब्जा ही बना रहेगा। गत वर्ष जुलाई माह में समाप्त हुई लीज काफी ना नुकुर विरोध के बाद भी जीडीसीए के नाम कर दी गई। लीज का विरोध तत्कालीन महापौर व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित वर्तमान सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भी किया था। सांसद भारत सिंह ने इस लीज के विरोध में निगम सभापति मनोज तोमर को पत्र लिखा था। उनका कहना था कि जब जीडीसीए का नया स्टेडियम शंकरपुर में बन चुका हैं तो यह स्टेडियम निगम के कब्जे में ही रहना चाहिये, ताकि इसमें क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों का आयोजन भी हो सकें।
