परीक्षा में ड्यूटी को लेकर असमंजस मिडिल व बोर्ड परीक्षाओं के कई पेपर एक ही दिन

ब्यावरा। फरवरी माह में बोर्ड परीक्षा हाईस्कूल एवं हायरसेकण्डरी तथा कक्षा 8 वी मिडिल की परीक्षाएं है, प्राय: बोर्ड परीक्षाओं में मिडिल एवं प्रायमरी के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है किंतु इस बार असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई है, क्योंकि बोर्ड एवं मिडिल कें कई विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन है, ऐसे में मिडिल के शिक्षक एक ही दिन में दो ड्यूटी कैसे कर पाएंगे. इसको लेकर विभाग भी पशोपेश में है.

जानकारी के अनुसार फरवरी माह की 7 तारीख से हायरसेकण्डरी की परीक्षाएं तथा 11 तारीख से हाईस्कूल की परीक्षाएं शुरु हो रही है, जबकि कक्षा 8 वीं मिडिल की परीक्षाएं 20 फरवरी से प्रारंभ होगी. बोर्ड परीक्षाओं का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक तथा मिडिल परीक्षा का समय दोपहर 2 से शाम 4.30 बजे तक रहेगा.

इन तारीखों में है एक साथ पेपर

शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 8 वीं की परीक्षाएं फरवरी माह की 20, 21, 23, 25, 26, 28 तारीख में है. जबकि फरवरी माह में ही हाईस्कूल कक्षा 10 वीं की परीक्षाएं 11, 13, 14, 17, 19, 20, 24, 27 फरवरी एवं 2 मार्च को है. जबकि हायर सेकण्डरी कक्षा 12 वीं की परीक्षाएं 7,9, 10, 13, 14, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 23, 25, 26, 27 फरवरी तथा 2 एवं 5 मार्च को है. इस तरह फरवरी माह की 20, 21, 23, 25, 26 तारीख को बोर्ड एवं मिडिल कक्षा की परीक्षाएं एक ही दिन होना सामने आया है.

दूर दराज से स्कूल से आएंगे ड्यूटी पर शिक्षक

बोर्ड परीक्षा में मिडिल एवं प्रायमरी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है, कई ऐसे शिक्षकों की ड्यूटी लगेगी जो नगर से कई किमी दूर ग्रामीण क्षेत्रों के मिडिल एवं प्रायमरी स्कूल में पदस्थ है, ऐसे में यदि वह बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी कर उसी दिन अपने स्कूल में होने वाली मिडिल परीक्षा में ड्यूटी करने जाएंगे तो उन्हें काफी भागम-भागम के बीच अपने कार्य स्थल पर पहुंचना होगा. ऐसे में नियत समय पर पहुंचना बड़ा ही मुश्किल भरा होगा.

बोर्ड एवं मिडिल परीक्षा के टाईम टेबल का अवलोकन करने के बाद बोर्ड एवं मिडिल के कुछ पेपर एक ही तारीखों में है, प्राय: बोर्ड परीक्षाओं में मिडिल एवं प्रायमरी के शिक्षकों की ड्यूटी लगती है, इसको लेकर वरिष्ठ कार्यालय को अवगत कराया गया है.

करण सिंह भिलाला
जिला शिक्षा अधिकारी राजगढ़

Next Post

निगम 15 सौ करोड़ का कर्ज लेकर पानी लाइन सुधरेगा

Sat Jan 17 , 2026
इंदौर: नगर निगम ने भागीरथपुरा की घटना से सबक लेकर 15 सौ करोड़ रुपए का कर्ज लेकर शहर एमआर नर्मदा जल वितरण व्यवस्था सुधारने का निर्णय लिया है. उक्त कार्य अलावा निगम में नए पदों नियुक्ति और भर्ती करने की स्वीकृति भी दी गई है.नगर निगम महापौर परिषद की आज […]

You May Like