इंदौर: शहर की जानी मानी सड़क निर्माण कंपनी बीआर गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के यहां शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की टीमों ने दबिश दी. सपना संगीता रोड स्थित कंपनी कार्यालय और कंपनी के डायरेक्टर के निवास पर एक साथ सर्वे की कार्रवाई शुरू की गई.सुबह सुबह पहुंची आयकर विभाग की टीमों ने कार्यालय और घर पर मौजूद दस्तावेजों की जांच शुरू की सूत्रों के मुताबिक लेन देन से जुड़े कागजात, बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा को खंगाला जा रहा है कंप्यूटर सिस्टम और स्टोरेज डिवाइस की भी जांच की जा रही है.
बीआर गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड शहर की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों में गिनी जाती है. कंपनी सड़क, हाईवे, पुल और भवन निर्माण के साथ साथ आरएमसी सप्लाई, टोल कलेक्शन और इंदौर के आवासीय प्रोजेक्ट्स के काम से जुड़ी हुई है. कंपनी की परियोजनाएं प्रदेश ही नहीं, देश के अन्य हिस्सों में भी चल रही हैं. बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को कंपनी के बड़े लेन देन और टैक्स से जुड़े मामलों में गड़बड़ी की सूचनाएं मिली थीं. इन्हीं इनपुट्स के आधार पर यह सर्वे कार्रवाई की गई है. फिलहाल टीम मौके पर मौजूद है और कार्रवाई जारी है.
