
जबलपुर। शहर की क्षतिग्रस्त सडक़ों का सुधार काम शुरू कर दिया है। बारिश के मौसम में क्षतिग्रस्त सडक़ों के सुधार एवं मरम्मत कार्य के लिए नगर निगम प्रशासन के द्वारा व्यापक कार्य योजना कार्य तेज गति से शुरू किया गया है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में चल रहे कार्यों के संबंध में बताया गया है कि बारिश के मौसम में हर वर्ष सडक़ें क्षतिग्रस्त होती है किंतु मौसम खुलने के साथ ही उनके सुधार एवं मरम्मत का कार्य भी समानांतर रूप से चलता रहता है। बारिश के मौसम में क्षतिग्रस्त सडक़ों के सुधार एवं मरम्मत के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
बताया गया कि प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों की सडक़ों का सुधार कार्य निरन्तर चल रहा है, इसके अतिरिक्त धार्मिक स्थलों के साथ-साथ मां नर्मदा के पवन तट गौरी घाट एवं तिलवारा घाट के पहुंच मार्गों का सुधार कार्य भी कराया जा रहा है, क्योंकि इन मार्गों का नियमित रूप से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपयोग करते हैं और वे मां नर्मदा के दर्शन करने हेतु जाते हैं। सडक़ मरम्मत कार्य का निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार द्वारा तकनीकी अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और व्यवस्थित रूप से कार्य कराने के निर्देश दिए। नगर निगम सीमा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सडक़ों के सुधार मरम्मत एवं पुन: निर्माण कार्यों के लिए सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और इसके लिए सूची भी तैयार कराई जा रही है जिससे क्षतिग्रस्त सडक़ों का जल्द से जल्द निर्माण एवं मरम्मत का कार्य पूर्ण कराया जा सके।
