
भोपाल। राजधानी के हबीबगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को फेथ बिल्डर के संचालक राघवेंद्र सिंह तोमर को गिरफ्तार किया. उन पर पूर्व डीजीपी के साथ जमीन सौदे में धोखाधड़ी करने का आरोप है. जिस जमीन को लेकर विवाद है, उसी पर फेथ क्रिकेट अकादमी के नाम से दो क्रिकेट स्टेडियम बनाए गए थे, जिनके उद्घाटन समारोह में देश के कई नामी क्रिकेट खिलाड़ी भी शामिल हुए थे.
थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार, रिटायर्ड डीजीपी एच.एम. जोशी अरेरा कॉलोनी के ई-5 क्षेत्र में निवास करते हैं. उनकी रातीबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरी में जमीन थी. यहां क्रिकेट अकादमी विकसित करने के उद्देश्य से राघवेंद्र सिंह तोमर ने जोशी के साथ साझेदारी की थी. दोनों के बीच वर्ष 2017 में मैसर्स फेथ क्रिकेट क्लब के नाम से पार्टनरशिप फर्म बनाई गई थी.
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब दो वर्ष बाद राघवेंद्र सिंह तोमर ने कथित रूप से एच.एम. जोशी को डीड से बाहर करने के लिए फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया. आरोप है कि दस्तावेजों पर जोशी के नकली हस्ताक्षर भी किए गए. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.
बताया जा रहा है कि विवादित जमीन पर दो क्रिकेट स्टेडियम तैयार किए गए. सूत्रों के मुताबिक राघवेंद्र सिंह तोमर अपने बेटे को क्रिकेटर बनाना चाहते थे और इसी उद्देश्य से उन्होंने क्रिकेट अकादमी की स्थापना की. अकादमी के उद्घाटन के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर ज़हीर खान को बुलाया गया था. इसके अलावा अर्जुन तेंदुलकर सहित कई क्रिकेटरों की मौजूदगी भी यहां रही थी.
