छतरपुर। मकर संक्रांति पर ग्राम बगौता में पारंपरिक पतंगबाजी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर पर्व की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की प्रदेश मंत्री अर्चना गुड्डू सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अर्चना गुड्डू सिंह ने बच्चों को पतंग वितरित की और उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं रीतिरिवाजों से जुड़े रहने का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने बच्चों को मोबाइल और डिजिटल माध्यमों से हटकर पारंपरिक खेलों और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चों ने रंग-बिरंगी पतंगों के साथ आकाश को सजाया और प्रतियोगिता का आनंद लिया। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता को बढ़ाने वाला बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजक आदित्य एवं रजत को प्रदेश मंत्री सहित उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों द्वारा बधाई दी गई।
