
रीवा। महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ ने ऋतुराज पार्क का भ्रमण कर निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क परिसर में निर्माणाधीन भवन के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए.
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन के निचले हाल को प्रेस क्लब के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण की जाएँ, वहीं प्रथम तल पर कॉफी हाउस प्रारंभ किया जाए. साथ ही पार्क में लाइटिंग कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने पार्क में बास्केटबॉल कोर्ट एवं कबड्डी मैदान के निर्माण तथा पेवर ब्लॉक से आंतरिक पाथवे विकसित करने के निर्देश दिए. महापौर ने कहा कि शहर के मध्य स्थित इस पार्क को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप में विकसित कर समय-सीमा में पूर्ण किया जाए. उन्होंने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए, अन्यथा ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की जाएगी. भ्रमण के दौरान एमआईसी सदस्य व पार्षद धनेंद्र सिंह बघेल, रवि तिवारी, कार्यपालन यंत्री एचके त्रिपाठी, सहायक यंत्री एसके गर्ग, उपयंत्री रमेश सिंह उपस्थित रहे.
