तेहरान, 12 जनवरी (वार्ता) ईरान की राजधानी तेहरान में इंटरनेट सेवा चौथे दिन भी ठप रही। स्पुतनिक ने यह जानकारी दी।
स्पूतनिक ने मोबाइल सेवा के दिन में रुक-रुककर चलने और रात में बंद हो जाने की जानकारी दी। उन्होंने शॉर्ट मैसेज सेवाओं (एसएमएस) के भी स्थगित होने की जानकारी उपलब्ध कराई है।
इंटरनेट मॉनिटरिंग सर्विस नेटब्लॉक्स ने 8 जनवरी को कहा कि ईरान में महंगाई, गिरते जीवन स्तर और लोगों की क्रय क्षमता के कम हो जाने के कारण हो रहे विरोध-प्रदर्शनों और हड़तालों की मौजूदा हालात के मद्देनजर पहली बार पूरे देश में इंटरनेट बंद किया गया।
दिसंबर 2025 के आखिर में ईरान की मुद्रा रियाल के कमजोर होने से बढ़ती महंगाई की चिंताओं के बीच विरोध-प्रदर्शन शुरू हुए। प्रदर्शनकारियों ने अस्थिर विनिमय दर के कारण थोक और खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की शिकायत की। ईरानी केंद्रीय बैंक के गवर्नर मोहम्मद-रेजा फर्जिन ने इस्तीफा दे दिया और उनकी जगह अब्दोलनासर हेम्मती को नियुक्त किया गया।
