कड़ाके की ठंड का असर, सिंगरौली में नर्सरी से आठवीं तक स्कूलों में अवकाश घोषित

सिंगरौली : जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और तापमान में आई गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर गौरव बैनर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सूर्यभान सिंह द्वारा आदेश जारी करते हुए जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध विद्यालयों में नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश कल 9 जनवरी से 10 जनवरी तक प्रभावशील रहेगा। इस अवधि में विद्यार्थियों को विद्यालय नहीं आना होगा, जबकि शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और आवश्यक शासकीय एवं कार्यालयीन कार्य संपादित करेंगे। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षाएं एवं अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेंगी।

प्रशासन का कहना है कि शीतलहर के कारण छोटे बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ जाती है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाएं। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।

Next Post

बाइक सवार से 17.95 लाख रुपए नकद बरामद, फैक्ट्री मालिक से जुड़ा मामला

Thu Jan 8 , 2026
इंदौर:कनाड़िया पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई में बिचौली रोड पर बाइक सवार युवक के पास से करीब 17.95 लाख रुपए नकद बरामद किए. पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी है.रात के समय गश्त और वाहनों की चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोका […]

You May Like