ब्यावरा। स्थानीय नगर पालिका द्वारा अवैध नल कनेक्शन काटने का अभियान चलाया जा रहा है, अब लोग स्वयं अवैध नल कनेक्शन को हटवाने आगे आ रहे है.
गौरतलब है कि इंदौर की घटना के बाद स्थानीय नपा द्वारा शुद्ध पेयजल सप्लाई व्यवस्था के मद्देनजर विशेष अभियान चलाते हुए पाइप लाइन एवं नल कनेक्शन लाइनो को चेक किया जा रहा है. इसी बीच अवैध नल कनेक्शन को भी डिसकनेक्ट किया जा रहा है. मंगलवार को ही 300 से अधिक अवैध कनेक्शन काटे गये.
स्वेच्छा से हटा रहे कनेक्शन
बुधवार को भी अवैध कनेक्शन काटने के अभियान के तहत जब टीम पहुंची तो कुछ लोगों का कहना था कि उन्हें आज का समय दिया जाये वह स्वयं अपने नल कनेक्शन के पाइप हटा लेंगे. विशेष बात यह है कि कई लोग स्वयं आगे आकर अवैध कनेक्शन हटा रहे है. उल्लेखनीय है कि इंदौर में दूषित पानी पीन से हुई मौतों के बाद स्थानीय नपा द्वारा पेयजल सप्लाई लाइनों को चेक किया जा रहा है. मुख्य नगर पालिका अधिकारी इकरार अहमद का कहना है कि अवैध नल कनेक्शन को डिसकनेक्ट करने नपा का अभियान जारी है, कई जगह लोग स्वयं अवैध कनेक्शन हटाने आगे आ रहे है.
साथ ही कई लोग अवैध कनेक्शन को वैद्य करवाने नपा भी पहुंच रहे है.
नाली हो रही थी जाम अधिकांशतः अवैध नल कनेक्शन के पाइप नालियों में से होकर बिछे पाए गये, नाली में पाइप होने से पानी निकासी अवरुद्ध होकर नालियां भी जाम हो रही थी. साथ ही अवैध नल कनेक्शन हेतु बिछा रखे कई पाइपो के नाली, नाले के यहां क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी पाइप से होकर पेयजल सप्लाई लाइन में पहुंच रहा था. कई स्थानों पर मटमैला और दुर्गंधयुक्त पानी पहुंचने से नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. इसको लेकर रहवासियों द्वारा कई बार शिकायत की जा चुकी है.
