
भिंड। जिले में पड़ रही अत्यधिक ठंड, शीतलहर और तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी भिंड ने बड़ा निर्णय लिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनज़र जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं अन्य सभी बोर्ड से संबद्ध *विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 7 जनवरी से 8 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है।*
जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश पूर्व में जारी निर्देशों के क्रम में घोषित किया गया है। हालांकि विद्यालयों के शिक्षक एवं स्टाफ नियत समय पर उपस्थित रहेंगे और शासकीय व प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करेंगे। पूर्व से निर्धारित महत्वपूर्ण गतिविधियां एवं परीक्षाएं (यदि कोई हों) यथावत संचालित रहेंगी।
कलेक्टर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश जिला जनसंपर्क अधिकारी को दिए गए हैं, ताकि अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन को समय पर जानकारी मिल सके।
उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
