
इंदौर. महू क्षेत्र के जंगलों में अब वन्यजीवों का खतरा नए रूप में सामने आ रहा है. बाघ और तेंदुओं के बाद अब लकड़बग्घे भी गांवों के पास मवेशियों को निशाना बनाने लगे हैं. ताजा मामले में महू के जंगल में लकड़बग्घे ने एक गाय के बछड़े पर हमला कर उसे मार डाला, जबकि बीच बचाव करने आए एक कुत्ते को भी घायल कर दिया.
घटना मलेंडी निवासी भूरेलाल के मवेशियों से जुड़ी बताई जा रही है. जंगल क्षेत्र में बछड़े का शव क्षत विक्षत हालत में मिला. मौके पर पहुंचे वन विभाग के अमले ने हालात का निरीक्षण किया. शव पर मिले दांतों और पंजों के निशानों से यह साफ हुआ कि शिकार लकड़बग्घे द्वारा किया है. बताया जा रहा है कि हमले के वक्त एक कुत्ते ने बछड़े को बचाने की कोशिश की, लेकिन लकड़बग्घे ने उस पर भी झपट्टा मार दिया. हमले में कुत्ता बुरी तरह घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने इलाज कराया. महू फॉरेस्ट रेंज के अधिकारी नयन पालवी ने बताया कि बछड़े का पंचनामा तैयार कर लिया है. वन विभाग की ओर से नियमानुसार मवेशी मालिक को करीब 12 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि मवेशियों को रात के समय जंगल की ओर न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध वन्यजीव गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निगरानी नहीं बढ़ाई गई, तो आने वाले दिनों में मवेशियों पर हमलों की घटनाएं और बढ़ सकती हैं.
