दिल्ली के मुकुंदपुर में घर में आग लगने से डीएमआरसी कर्मचारी, पत्नी और बेटी की मौत

नयी दिल्ली, 06 जनवरी (वार्ता) उत्तर-पश्चिम दिल्ली में मंगलवार तड़के एक घर में आग लगने की दुखद घटना में पति, पत्नी और उनकी बेटी की मौत हो गयी।

दमकल विभाग के अनुसार, मुकुंदपुर स्थित दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) फ्लैट्स में आग लगने की सूचना लगभग तड़के 02:39 बजे मिली। दमकल विभाग ने तुरंत छह दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं और आग पर एक घंटे के अंदर काबू पा लिया गया तथा इसे सुबह 3:30 बजे तक पूरी तरह बुझा दिया गया।

दमकलकर्मियों ने बाद में घर से तीनों के जले हुए शव बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान 45 वर्षीय अजय विमल, उनकी पत्नी नीलम (38) और उनकी बेटी जाह्नवी (10) के रूप में हुई है।

आग बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी को मामूली चोटें आईं । इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां आवश्यक चिकित्सा दी गई। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण पता नहीं चला है।

डीएमआरसी ने एक बयान में कहा कि मुकुंदपुर स्थित दिल्ली मेट्रो की आवासीय कॉलोनी के एक फ्लैट में धुआं/आग की सूचना मिली थी, जिसमें निगम के एक सहकर्मी अजय विमल, उनकी पत्नी और बेटी की जान चली गई। डीएमआरसी के अनुसार, यह घटना लगभग तड़के 2:34 बजे हुई और त्वरित कार्रवाई तथा प्रयासों के बावजूद परिवार के सदस्यों को उनके बेडरूम में मृत पाया गया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “पुलिस इस दुखद घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।”

डीएमआरसी ने कहा कि वह पुलिस अधिकारियों को पूरा सहयोग प्रदान कर रहा है और इस गहन शोक की घड़ी में मृतकों के परिजनों के साथ एकजुटता व्यक्त करता है। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल ने कहा, “यह क्षति पूरे डीएमआरसी परिवार के लिए हृदय विदारक क्षण है।”

 

 

 

Next Post

जेएनयू के छात्रों ने खालिद और इमाम को जमानत नहीें मिलने के बाद मोदी और शाह के खिलाफ नारेबाजी की

Tue Jan 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 जनवरी (वार्ता) जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र नेताओं उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत न मिलने के एक दिन बाद छात्रों के एक समूह ने विश्वविद्यालय परिसर में विरोध-प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। सोशल मीडिया पर […]

You May Like

मनोरंजन