
मंदसौर। थाना दलौदा पुलिस ने ग्राम धुंधड़का स्थित कृषक वेयरहाउस में हुई बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए 300 क्विंटल से अधिक गेहूं, चोरी में प्रयुक्त 3 पिकअप वाहन सहित लगभग 50 लाख रुपये का मश्रूका जप्त किया है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल तथा एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण श्रीमती कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उनि शुभम व्यास के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि मास्टरमाइंड आरोपी ने वेयरहाउस के मैनेजर, गेहूं मालिक के मुनीम व चौकीदार को साथ लेकर डुप्लीकेट चाबियां बनवाईं और सीसीटीवी कैमरे बंद कर योजनाबद्ध तरीके से चोरी को अंजाम दिया।
घटना की रिपोर्ट 2 जनवरी 2026 को फरियादी संजय गर्ग द्वारा दर्ज कराई गई थी। वैज्ञानिक साक्ष्यों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस सफल कार्रवाई में दलौदा थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्हें पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
