सीहोर। आरोग्य भारती के द्वारा स्वस्थ जीवन शैली जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार की सुबह हॉगवार्ट्स इंटरनेशनल स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सुदेश राय ने किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि समाज का स्वस्थ व्यक्ति ही राष्ट्र को आर्थिक रूप से संपन्न समृद्ध शक्तिशाली बना सकता है. बीमार कमजोर आसक्त व्यक्ति समाज और राष्ट्र के लिए हानिकारक सिद्ध होता है इसलिए जीवन का पहला सुख निरोगी काया बताया गया है. विधायक राय ने कहा कि आधुनिक युग में जब इंसान सुविधाओं के साथ-साथ अनेक बीमारियों का भी वारिस बनता जा रहा है, तब स्वस्थ जीवन की ओर लौटने का सही समय आ गया है तेज़ रफ्तार जीवन, तनाव, अनियमित खान-पान और निष्क्रिय दिनचर्या ने मनुष्य को अनेक असाध्य रोगों की ओर धकेल दिया. जीवन शैली में सुधार कर हम निरोगी काया कर सकते हैं. इंदौर से पहुंचे मुख्य वक्ता एवं मार्गदर्शक लाइफस्टाइल स्पेशलिस्ट सतीश मंत्री ने अपने गहन अनुभव और सरल शब्दों में बताया कि हमारी दैनिक आदतें ही हमारे स्वास्थ्य की असली नींव होती हैं. उन्होंने विशेष रूप से ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग, मोटापा और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के उपाय साझा किए. उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकता है, और जब समाज स्वस्थ होगा, तभी राष्ट्र भी समृद्ध बनेगा. कार्यक्रम में योग, ध्यान, संतुलित आहार, सकारात्मक सोच जैसी जीवनशैली आदतों पर विशेष चर्चा की गई. संयोजक डॉ. गगन नामदेव, जिला संयोजक आरोग्य भारती एवं गिरिराज मित्र मंडल के प्रदीप साबू मौजूद रहे.
