मुंबई, 03 जनवरी (वार्ता) स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के लिए कप्तान के तौर पर बरकरार रखा गया है जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और विकेटकीपर रिषभ पंत की शनिवार को घोषित भारतीय टीम में वापसी हुई हैं। न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए चयनित भारतीय दल में श्रेयस अय्यर को शामिल किया गया है। हालांकि बीसीसीआई द्वारा जारी मीडिया रिलीज में यह बताया गया है कि अय्यर की उपलब्धता बीसीसीआई के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (सीओई) द्वारा अनुमति मिलने पर निर्भर करेगी। अय्यर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हो गए थे जिसके बाद से उन्होंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है और वह दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ घरेलू वनडे सीरीज़ में भी भारतीय दल का हिस्सा भी नहीं थे। अय्यर को सीओई से सशर्त विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी के अगले राउंड में खेलने की अनुमति मिली है और वह 6 जनवरी को मुंबई के लिए खेलते नजर भी आ सकते हैं। वहीं हार्दिक पंड्या को भी आगामी टी20 विश्व कप और उनके कार्यभार प्रबंधन को देखते हुए वनडे दल में शामिल नहीं किया गया है। बीसीसीआई की मीडिया रिलीज में बताया गया है कि चूंकि हार्दिक को सीओई से एक मैच में 10 ओवर डालने की अनुमति नहीं मिली है इसलिए आगामी टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए उनका कार्यभार प्रबंधित किया जा रहा है।
स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली को उनके हाल के शानदार फॉर्म को देखते हुए टीम में बरकरार रखा गया है। भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज़ का पहला मैच 11 जनवरी को वड़ोदरा में खेला जाएगा। इसके बाद 14 जनवरी को राजकोट जबकि 18 जनवरी को इंदौर में मुक़ाबला खेला जाएगा।
वनडे सीरीज के बाद भारत न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेलेगा जिसकी शुरुआत 21 जनवरी को नागपुर में होगी। टी20 सीरीज के लिए भारतीय दल का ऐलान पहले ही चुका है और यही दल आगामी टी20 विश्व कप में भी खेलेगा। न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय दल शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल(विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हार्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, रिषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल।
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
पहला वनडे 11 जनवरी वड़ोदरा
दूसरा वनडे 14 जनवरी राजकोट
तीसरा वनडे 18 जनवरी इंदौर

