


भोपाल। राजधानी भोपाल में रात 12 बजते ही वर्ष 2026 का आगमन हुआ। जैसे ही घड़ी ने नए साल की पहली दस्तक दी, पूरा शहर जश्न में डूब गया। शहर के प्रमुख इलाकों, होटलों, क्लबों और रिसॉर्ट्स में काउंटडाउन के साथ आतिशबाजी, संगीत और तालियों की गूंज सुनाई दी।
नए साल के स्वागत में युवाओं के साथ-साथ परिवारों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोफटॉप कैफे, रेस्टोरेंट्स और निजी आयोजनों में लोगों ने एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर लोगों ने केक काटकर और ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकते हुए 2026 का स्वागत किया।
इस दौरान भोपाल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा और ड्रिंक-ड्राइविंग के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिससे नया साल सुरक्षित माहौल में शुरू हो सके।
धार्मिक स्थलों पर भी वर्ष 2026 के आगमन के साथ विशेष प्रार्थनाएं की गईं। लोगों ने नए वर्ष से शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कुल मिलाकर, उत्साह, उल्लास और सुरक्षा के बीच भोपाल ने वर्ष 2026 का भव्य स्वागत किया।
