छतरपुर। नगर में श्रमजीवी सफाई कर्मचारी संघ ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 3 बजे संघ से जुड़े सफाई कर्मचारी एकत्रित होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों ने बताया कि इ अटेंडेंस की प्रक्रिया के नाम पर उनकी सैलरी से अनुचित कटौती की जा रही है, जिससे आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं। कर्मचारियों ने मांग की कि वेतन हर माह 1 से 5 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से खाते में जमा किया जाए, ताकि उन्हें समय पर अपने घरेलू खर्च पूरे करने में सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही संघ ने ठंड के मौसम को देखते हुए कर्मचारियों को मौसम के अनुरूप यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि पर्याप्त यूनिफॉर्म न होने से उन्हें ठंड में काम करने में कठिनाई होती है।
ज्ञापन में नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कर्मचारियों ने कहा कि हाल के दिनों में सीएमओ द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे कर्मचारियों का मनोबल गिरा है। संघ ने कलेक्टर से मांग की कि इस मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाए और संबंधित अधिकारी अपने शब्द वापस लें।
सफाई कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
