20 रुपए में 2 स्टेशन तक होगा मेट्रो का सफर, हर रोज 17 ट्रिप में होगा संचालन

भोपाल: राजधानी में 20 से 40 रुपए तक खर्च कर लोग मेट्रो में सफर करेगें. 20 दिसंबर को शुभारंभ के बाद 21 दिसंबर से मेट्रो अपने निर्धारित समयानुसार चलेगी. गुरुवार को प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने पत्रकारवार्ता में जानकारी साझा की. हर रोज एम्स से सुभाष नगर तक 9 ट्रिप और सुभाष नगर से एम्स तक 8 ट्रिप प्रत्येक 75 मिनट में कुल 17 ट्रिप में मेट्रो चलेगी.

चैतन्य ने बताया कि एम्स स्टेशन से पहली ट्रेन 9 बजे और सुभाष नगर 9.40 बजे पहली ट्रेन चलेगी. इसके साथ ही अंतिम ट्रेन प्रस्थान का समय इन स्टेशनों से शाम के 7 और 6.25 बजे रहेगा. यात्री किराए को स्टेशनों की संख्या के आधार पर “जोन” में बांटा गया है. जोन 1 से 2 स्टेशन तक 20, जोन2 (3 से 5 स्टेशन): 30, जोन-3 (6 से 8 स्टेशन) 40 रुपए तक का किराया निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्टेशन की क्षमता यात्री सुरक्षा और परिचालन मानकों को ध्यान में रखते हुए, एक समय में स्टेशन परिसर में अधिकतम 500 यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी. विकलांगजनों की सुविधा का भी पूरा ख्याल रखा गया है.

इसके साथ ही टर्मिनल स्टेशनों सहित सभी स्टेशनों पर ट्रेनें केवल प्लेटफार्म नंबर 1 से ही चलेंगी. प्रवेश एवं निकास द्वारः प्रत्येक स्टेशन पर विशिष्ट द्वार निर्धारित किए गए हैं जिनका पालन करना अनिवार्य है. एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस स्टेशनों पर प्रवेश और निकास के लिए केवल एक ही गेट नंय 3 का उपयोग होगा. रानी कमलापति पर गेट नंबर 2 से प्रवेश होगा और गेट नंबर 1 एवं 3 से निकास रहेगा. सुभाष नगर में गेट नंबर 3 अंडरपास के सामने और गेट नंबर 4 (मेट्रो डिपो गेट के सामने) से आवागमन होगा.
मिली जानकारी के अनुसार भोपाल मेट्रो शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए यातायात के दबाव को कम करेगी और नागरिकों के जीवन स्तर को मजबूत करेगी. भोपाल मेट्रो के पहले चरण ऑरेंज लाइन ‘प्रायोरिटी कॉरिडोर’ का शुभारंभ किया जा रहा है. 21 दिसंबर से एम्स मेट्रो स्टेशन और सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो की सेवा शुरू होगी. लगभग 7 किमी के इस खंड में 8 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं, जिसमें एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, रानी कमलापति स्टेशन, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, केंद्रीय विद्यालय और सुभाष नगर.
प्रदेश की राजधानी को अब एक और गौरव प्राप्त हो रहा है- अपनी अत्याधुनिक मेट्रो रेल सेवा का. 30.8 किमी लंबी यह परियोजना शहरी यात्रा को आसान, तेज़ और पर्यावरण के अनुकूल बनाएगी. परियोजना में 2 कॉरिडोर (लाइन) और एक डिपो हैं. ऑरेंज लाइन: 16.74 किमी और ब्लू लाइन: 14.16 किमी.
भोपाल मेट्रो की प्रमुख विशेषताएं
सुविधाजनक यात्राः सभी स्टेशनों पर हाई-स्पीड लिफ्ट और एस्केलेटर.
दिव्यांगजन के लिएः सुगम प्रवेश, व्हीलचेयर सुविधा, ब्रेल साइनेज.
उच्च स्तर की सुरक्षाः AI आधारित CCTV निगरानी, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और ग्रेड-4 सिग्नलिंग सिस्टम.
पर्यावरण अनुकूलः रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग से ऊर्जा उत्पादन और सोलर पावर का उपयोग.
आरामदायक कोचः पूर्णतः एसी कोच, आरामदायक सीटिंग और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट.
स्मार्ट तकनीकः ऑडियो-विजुअल यात्री सूचना प्रणाली और हाई-टेक ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर.
भोपाल मेट्रो सिर्फ एक परिवहन प्रणाली ही नहीं है, बल्कि शहर की प्रगति का प्रतीक है. शुभारंभ के साथ, भोपाल एक आधुनिक, हरित और सुलभ राजधानी बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है.
20 को शुभारंभ
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॅा मोहन यादव 20 दिसंबर को शाम के करीब 5 बजे भोपाल में मेट्रो का शुभारंभ करेंगे. मिंटो हाल में आयोजित कार्यक्रम के बाद सुभाष नगर मेट्रो डिपो से एम्स स्टेशन तक का सफर दिग्गज करेंगे. एम्स स्टेशन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री यादव मेट्रो की सौगात से संबंधित जानकारियां साझा करेंगे.

Next Post

मनरेगा खत्म करने की साजिश है 'वीबी-जी-राम-जी' करेंगे सख्त विरोध : खरगे-प्रियंका

Thu Dec 18 , 2025
नयी दिल्ली, 18 दिसंबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि “विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (संशोधन) विधेयक 2025′ गरीब विरोधी है और यह सरकार की मनरेगा को खत्म करने की रणनीति है जिसका सख्त विरोध किया जाएगा। […]

You May Like