टीबी मरीजों को गंदी चादर पर लिटाया, वार्ड में सफाई व्यवस्था चौपट

साक्षी केसरवानी

भोपाल: जिन टीबी के मरीजों के बेड की चादर रोज बदली जानी चाहिए। उन मरीजों की चादर चार दिन में भी नहीं बदली जा रही. मरीजों के साथ हो रही इस लापरवाही पर जय प्रकाश जिला अस्पताल के अधीक्षक संजय जैन भी कुछ नहीं बोल रहे हैं. मंगलवार दोपहर जब नवभारत रिपोर्टर एक टीबी मरीज की मदद करते हुए उसे महिला मेडिकल वार्ड में भर्ती के लिए लेकर पहुंची।

तो मरीज को इस्तेमाल की हुई चादर पर ही लेटने को बोल दिया। जब रिपोर्टर ने साफ चादर की मांग की तो स्टॉफ ने चादर देने से मना कर दिया। इसके बावजूद जोर देकर कहने पर स्टॉफ की तरफ से एक चादर लाकर दी, वो भी फटी और गन्दी थी. ऐसे में मरीज को मजबूरी में उस चादर को ही बिछाकर लेटना पड़ा. इतना ही नहीं जब रिपोर्टर ने अन्य मरीजों से बात की तो उन्होंने बताया, पिछले चार दिन से भर्ती हैं, लेकिन चादर बदलने कोई नहीं आया.
अधूरा सैम्पल भेजकर मरीज को किया परेशान
दोपहर में मरीज कृष्णा को भर्ती कराने के बाद जांच के लिये खून का सैम्पल, जब इंचार्ज ने लिया, तो कंटेनर में पर्याप्त मात्रा में खून का नमूना नहीं लिया. इसके बावजूद स्टाफ ने सैम्पल जमा करने को कहा. रिपोर्टर जब सैम्पल जमा कराने ए ब्लॉक स्थित लैब पहुंचीं तो टीम ने इसे अधूरा बताते हुए लेने से साफ इनकार कर दिया। वापस आकर रिपोर्टर ने स्टाफ को इसकी जानकारी दी और पूछा कि अधूरा सैम्पल भेजा ही क्यों, तो वार्ड इंचार्ज ने बजाय गलती सुधारने के उल्टा बेरुखा रवैया अपनाया और बोला यहां ऐसे ही होता है, खून नहीं निकल रहा तो मैं क्या करूं, मेरी जिम्मेदारी नहीं है.जब से भर्ती हूं कोई चादर को बदलने के लिए नहीं आया. कुछ बोलो तो जवाब नहीं देते और सुबह की इंचार्ज तो सही से बात ही नहीं करती।
मनीषा अहिरवार
जब एडमिट हुई थी तो गन्दा चादर बिछा था. मैंने चादर मांगा तो मना कर दिया, कम्बल मांगा तो बोला घर से ले आओ यहां ये सब नहीं मिलता। कई बार बोलने पर एक पतला सा कम्बल दिया, वो भी गन्दा है.
कृष्णा, भर्ती मरीज
स्टॉफ का रवैया अच्छा नहीं है. मॉर्निंग शिफ्ट की इंचार्ज सही से बात नहीं करती। चार दिन पहले भी जो चादर मिली थी, वो इस्तेमाल की हुई और गन्दी थी. उसे भी नहीं बदला गया. उसी में हम लेटे हुए हैं
दीक्षा सोनी, भर्ती मरीज
पूरे मामले को लेकर जब रिपोर्टर अधीक्षक संजय जैन के पास पहुंची तो उन्होंने इस विषय पर कोई जवाब नहीं दिया बल्कि टीम के कुछ लोगों को वार्ड में भेजा, जिसके बाद कहा गया, 10 मिनट में चादर बदली जाएगी. इसके बाद भी शाम 4 बजकर 10 मिनट तक वार्ड में एक भी चादर नहीं बदली गई.

Next Post

अनूपपुर में डबल मर्डर से सनसनी

Wed Dec 10 , 2025
अनूपपुर। जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र के लखनपुर ग्राम में आज 10 दिसम्बर बुधवार की सुबह किसान और उसकी नौकरानी की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी की हालत गंभीर है। मृतकों सहित घायल महिला को खून से लथपथ ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। […]

You May Like