कृतिका कामरा की नई कॉमेडी-ड्रामा ‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली’ 12 दिसंबर को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी। अनुषा रिजवी निर्देशित फिल्म रिश्तों और ह्यूमर से भरपूर है।
भारतीय परिवारों की हलचल, भावनाओं और अटूट जुड़ाव को लेकर बनी कहानियां हमेशा दर्शकों को अपनी ओर खींचती हैं। इन्हीं रिश्तों की जटिलता और गर्मजोशी को निर्देशक अनुषा रिजवी एक बार फिर पर्दे पर लेकर आ रही हैं, अपनी नई कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली’ के साथ। ‘पीपली लाइव’ जैसी चर्चित फिल्म देने वाली अनुषा इस बार आधुनिक भारतीय परिवार की उथल-पुथल को एक हल्के-फुल्के लेकिन भावुक अंदाज़ में पेश कर रही हैं।
ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। कहानी एक ही घर के भीतर मात्र 12 घंटों में होने वाली लगातार अफरातफरी, टकराव और ह्यूमर से भरी स्थितियों के इर्द-गिर्द घूमती है। इस रोलर-कोस्टर डे में दर्शकों को परिवार की पुकार, व्यक्तिगत संघर्ष और रिश्तों के उलझाव की असली तस्वीर देखने को मिलेगी।
