
बुधनी. बीती शाम नर्मदा पुल के नीचे नदी में एक युवक का शव तैरता नजर आने पर सनसनी का माहौल निर्मित हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाते हुए उसकी शिनाख्त कराई तो वह भोपाल के खजूरी कला निवासी कैंसर पीडि़त युवक का निकला. कुछ ही दूरी पर खड़ी उसकी स्कूटी भी पुलिस ने बरामद की है. मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक भोपाल निवासी शैलेन्द्र द्विवेदी है जो 30 नवंबर को बिना बताए घर से निकल गया था. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी खजूरी सड़क थाने में दर्ज कराई थी और वे उसकी तलाश करते हुए बुधनी पहुंचे थे. इस दौरान बगवाड़ा के पास नर्मदा पुल के किनारे युवक की स्कूटी मिली. इसी समय नदी में शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को बाहर निकाला और परिजनों से तस्दीक कराई. परिजनों ने शव की पहचान करते हुए पूरी जानकारी पुलिस को दी. बुधनी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम हेतु मर्चुरी में रखवाया गया है.
