वर्ष 2025-26 के लिए मुख्य फसलों की पैदावार में रिकॉर्ड वृद्धि का अनुमान : शिवराज

नयी दिल्ली, 26 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस साल की खरीफ की पैदावार के लिए बुधवार को पहला अग्रिम अनुमान जारी कर दिया। इसके अनुसार कुल खाद्यान्न पैदावार 38.70 लाख टन बढ़कर 1733.30 लाख टन होने का अनुमान लगाया गया है जो इन फसलों की पैदावार में रिकॉर्ड वृद्धि का संकेत है ।

श्री चौहान ने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक प्रगति हो रही हैं।

श्री चौहान ने बताया कि देश में कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा ने फसलों को प्रभावित किया लेकिन ज्यादातर क्षेत्रों को अच्छे मानसून से काफी लाभ हुआ है। इससे कुल मिलाकर फसलों की अच्छी वृद्धि हुई है। प्रथम अग्रिम अनुमान के अनुसार वर्ष 2025-26 के दौरान खरीफ धान पैदावार 1245.04 लाख टन अनुमानित है। यह बीते साल की खरीफ धान पैदावार से 17.32 लाख टन ज्यादा है। खरीफ मक्का का उत्पादन 283.03 लाख टन अनुमानित है, जो गत वर्ष के खरीफ मक्का उत्पादन से 34.95 लाख टन अधिक है।

उन्होंने बताया कि प्रथम अग्रिम अनुमान के अनुसार, वर्ष 2025-26 के दौरान कुल खरीफ पोषक/मोटा अनाज 414.14 लाख टन और कुल खरीफ दलहन उत्पादन 74.13 लाख टन अनुमानित है जिसमें अरहर या तूर 35.97 लाख टन, उड़द 12.05 लाख टन तथा मूंग 17.20 लाख टन की पैदावार अनुमानित है। वर्ष 2025-26 के दौरान देश में कुल खरीफ तिलहन पैदावार 275.63 लाख टन अनुमानित है। इसमें 110.93 लाख टन मूंगफली की उपज शामिल है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.81 लाख टन अधिक है और सोयाबीन पैदावार 142.66 लाख टन अनुमानित है।

नकदी फसलों में गन्ने की पैदावार 4756.14 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 210.03 लाख टन अधिक है। कपास की पैदावार 292.15 लाख गांठें (प्रति गांठ 170 किलोग्राम) तथा पटसन एवं मेस्ता 83.45 लाख गांठों (प्रति गांठ 180 किलोग्राम) का उत्पादन अनुमानित है।

ये अनुमान गत वर्षों की उपज प्रवृत्तियों, अन्य जमीनी स्तर के आंकड़ों और क्षेत्रीय अवलोकन तथा मुख्यतः राज्यों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर तैयार किए गए हैं। फसल कटाई प्रयोगों से प्राप्त वास्तविक उपज आंकड़े आने पर इसमें संशोधन किया जाएगा।

 

 

Next Post

स्थिर बंद हुआ रुपया

Wed Nov 26 , 2025
मुंबई, 26 नवंबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को 89.2275 रुपये प्रति डॉलर पर स्थिर बंद हुआ। भारतीय मुद्रा मंगलवार को 6.75 पैसे टूटकर कारोबार की समाप्ति पर 89.2275 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। रुपया आज 1.25 पैसे की गिरावट में 89.24 रुपये प्रति डॉलर पर […]

You May Like