डेम से पानी नहीं मिलने पर लगाया जाम, मोहनपुरा जल परियोजना से नहीं मिल रहा दर्जनों गांवों को पानी 

राजगढ़/ब्यावरा। मोहनपुरा जल परियोजना से डेम के समीप वाले दर्जनों गांवों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से नाराज किसानों के द्वारा सोमवार को खुजनेर रोड पर कुण्डीबे जोड़ के यहां जाम लगा दिया. परियोजना प्रबंधन द्वारा लिखित में आश्वासन के बाद जाम को खत्म किया गया.

गौरतलब है कि मोहनपुरा डेम से 6 से 8 किमी दूर गांवों में ही जल परियोजना की नहर के द्वारा पानी नहीं पहुंच पा रहा है. सिंचाई के समय पानी नहीं मिलने के कारण फसलें सूखने की कगार पर जा पहुंची है, इसी समस्या से परेशान किसानों द्वारा सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे कुण्डीबे जोड़ के यहां जाम लगा दिया गया. वाहनों को खड़ा कर बड़ी संख्या में किसान सडक़ पर बैठ गये. जानकारी लगने पर पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी भी किसानों के समर्थन में मौके पर पहुंचे.

पूर्व में भी कर चुके आंदोलन

किसानों के द्वारा पूर्व में भी पानी की मांग करते हुए करीब दो बार आंदोलन किया जा चुका है. हर बार परियोजना प्रबंधन द्वारा आश्वासन दे दिया गया. किंतु इस बार किसानों ने लिखित में आश्वासन लिया. इसके बाद जाम को समाप्त किया.

परियोजना प्रशासक के खिलाफ की नारेबाजी

जाम के दौरान जमकर नारेबाजी की जा रही थी. मोहनपुरा जल परियोजना के प्रशासक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लापरवाही एवं अनदेखी के आरोप लगाए गये. कहा गया कि समीप डेम होने के बाद भी किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है. फसलें सूखी जा रही है. परियोजना प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में कई बार आश्वासन देने के बाद भी आज दिनांक तक पानी नहीं मिल पाया है. यही कारण रहा कि इस बार अधिकारीद्वय से लिखित में आश्वासन लिया गया. दोपहर लगभग 2.30 बजे जाम समाप्त हुआ. इस तरह करीब ढाई घंटे तक जाम रहा. जाम के कारण मार्ग के दोनों और वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारे लग गई. बस, यात्री वाहन जाम में फंस जाने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कईस्कूल वाहन भी जांच में फंसे रहे.

इजराइल पैटर्न पर प्रेशराइज पाइप लाइन

गौरतलब है कि मोहनपुरा जल परियोजना के द्वारा खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने हेतु इजराइल पैटर्न पर पाइप लाइन सिस्टम को लाया गया. इसका उद्देश्य जल का संरक्षण करते हुए पानी के दुरुपयोग को रोकना है किंतु आये दिन पाइप लाइन में ज्वाईंट खुलने से लाखों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो रहा है.

कहीं तकनीकि अनदेखी का परिणाम तो नहीं

इजराइल पैटर्न पर प्रेशराइज पाइप लाइन के आये दिन ज्वाईंट खुलने से समस्या निर्मित हो रही है. जानकारों के अनुसार संभवत: पाइप लाइन को बिछाने का कार्य तकनीकि रुप से व्यवस्थित तौर पर नहीं होने से आये दिन पाइप लाइन के ज्वाईंट खुलने की समस्या आ रही है, इसके कारण आगे तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है. जब डेम से 6 से 8 किमी दूर तक ही पाइप लाइन में पानी नहीं पहुंच पा रहा है तो फिर लम्बी दूरी पर स्थित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक कैसे पानी पहुंचना संभव होगा. यह सब सवाल जल परियाजना प्रबंधन को लेकर उठ रहे है.

20 नवम्बर से पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन

मोहनपुरा जल परियोजना द्वारा बताया जा रहा है कि रोजिया पम्प हाऊस का कार्य प्रगति पर है तथा 20 नवम्बर तक पूर्ण होकर नहर के माध्यम से पानी छोड़ दिया जाएगा. इसका लिखित आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त किया गया. उल्लेखनीय हैै कि ग्राम कोलूखेड़ी, गेहंूखेड़ी, राजपुरा, नानागांव, बरखेड़ा, चान्दपुरा, कुण्डीबे, मोर पीपली, मोतीपुरा, तलाई खेड़ा, हताई खेड़ा, सरेडी, हाजीपुरा, जोगीपुरा, फूलखेड़ी, खेडी, खैरासी, भरतपुरा आदि गांवों में पानी नहीं मिल पा रहा है.

Next Post

निर्माणाधीन कामों को जल्द से जल्द पूरा करें : सीएम डॉ. यादव 

Mon Nov 17 , 2025
भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जल निगम अपनी गतिविधियों में तेजी लाए और निर्माणाधीन कामों को जल्द से जल्द पूरा करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मंत्रालय में म.प्र. जल निगम के संचालक मंडल की 25वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबोधित कर रहे थे। […]

You May Like