
जबलपुर। लालू यादव के सारे तिलिस्म खत्म हो गए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जातीयता के सारे बंधन को तोड़ दिया है जिसमें लालू यादव ने बिहार में 15 सालों तक जंगलराज बनाया था।
लालू यादव ने बिहार में मुसलमान और यादव समुदाय पर केंद्रित होकर जातीय विद्वेष फैलाने का प्रयास किया है लेकिन एनडीए ने इसके विपरीत माय यानि महिलाएं और युवाओं के लिए स्पष्ट नीति अपनाई है। देश के भीतर पीएम नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बनाए गए महिलाएं और युवाओं का समीकरण अद्भुद था जिस कारण बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत हुई। ये सारी बातें केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने सोमवार को जबलपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से कहीं।
इस दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही लालू यादव और परिवारवाद को लेकर दिए गए बयान में गिरिराज सिंह ने कहा कि आरजेडी अब ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनकर रह गई है और इसका आंतरिक गतिरोध समाप्त होने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि यह कंपनी अब बैठ गई है और दोबारा उठने वाली नहीं है। केंद्रीय मंत्री की इस तरह की बयानबाजी से स्थानीय राजनैतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
