गुना: राजगढ़ के पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह इन दिनों सामाजिक समरसता और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी यात्रा पर हैं। शनिवार शाम यह यात्रा गुना पहुंची, जहां श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने सामाजिक मुद्दों पर खुलकर संवाद किया। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव परिणाम बताता है कि देश जातीय राजनीति से आगे बढ़ रहा है, और यही उनकी यात्रा का मुख्य संदेश है, पहले भारतीय बनें, फिर बाकी पहचानें।
मीडिया से चर्चा में उन्होंने कांग्रेस की आंतरिक चुनौतियों, मनमोहन सिंह जैसे अनुभवी नेताओं की अनदेखी और महिलाओँ को दी जा रही नकद सहायता योजनाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उनका मानना है कि वास्तविक सशक्तिकरण रोजगार सृजन से होगा, न कि अस्थायी आर्थिक सहायता से।
