बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए किया मतदान : मोदी

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिले प्रचंड बहुमत के लिए बिहार के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि उन्होंने राजग को प्रचंड बहुमत देकर गर्दा उड़ा दिया है और अब गठबंधन उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेगा।

श्री मोदी ने बिहार में राजग को ऐतिहासिक जीत मिलने के बाद यहां पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के मतदाताओं ने विकसित बिहार और समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है।

उन्होंने कहा “मैंने चुनाव प्रचार के दौरान, बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने बिहार के लोगों से राजग को प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था। बिहार की जनता ने मेरा ये आग्रह भी माना। ये प्रचंड जीत, ये अटूट विश्वास बिहार… के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। हम राजग के लोग जनता जनार्दन के सेवक हैं। हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं, और हम तो जनता जनार्दन का दिल चुरा कर बैठे हुए हैं इसलिए आज बिहार ने बता दिया है —फिर एक बार राजग सरकार।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में कुछ दलों ने राजनीति करने के लिए तुष्टीकरण वाला फार्मूला बनाया था लेकिन आज की जीत ने एक नया सकारात्मक फार्मूला दिया है और यह महिला और युवाओं का फार्मूला है। बिहार ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश राजग को दिया है।

श्री मोदी ने कहा “मैं बहुत विनम्रता से राजग के सभी दलों की ओर से बिहार की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं। मैं बिहार की महान जनता को आदरपूर्वक नमन करता हूं। आज बिहार, देश के उन राज्यों में है, जहां सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है, और इनमें हर धर्म और हर जाति के युवा शामिल हैं। उनकी इच्छा, उनकी आकांक्षा और उनके सपनों ने जंगलराज वाले पुराने और सांप्रदायिक फार्मूले को ध्वस्त कर दिया है। मैं आज बिहार के युवाओं का विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं।”

 

 

 

 

Next Post

स्व. एल. टी. सुब्बू ट्रॉफी अंडर-22 : नर्मदापुरम ने पहले दिन बनाए 437/6, माधव शर्मा का शानदार शतक

Fri Nov 14 , 2025
नर्मदापुरम। स्वर्गीय एल. टी. सुब्बू ट्रॉफी अंडर-22 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ आज एमपीसीए ग्राउंड नर्मदापुरम में हुआ। उद्घाटन मुकाबला नर्मदापुरम और हरदा के बीच खेला जा रहा है। नर्मदापुरम क्रिकेट संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि हरदा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले […]

You May Like