भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में रविवार को भोपाल जिले के जगदीशपुर में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक के साथ ही मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश के 10.54 लाख किसानों के बैंक खातों में 1,460.25 करोड़ रुपये की बीमा दावा राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। योजना का उद्देश्य किसानों के वित्तीय हितों की रक्षा करना और संकट के समय उन्हें राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत से वर्ष 2024-25 तक प्रदेश के प्रभावित किसानों को कुल 30,942.34 करोड़ रुपये का बीमा दावा भुगतान किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से अपील की कि अल-नीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष मानसून को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में किसान अधिसूचित फसलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर बीमा अवश्य कराएं, ताकि फसल नुकसान होने पर उन्हें वित्तीय सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम और कैबिनेट बैठक की तैयारियों का जायजा भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा तथा भोपाल देहात रेंज की आईजी रुचि वर्धन ने लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
