इंदौर में नोटा को 90 हजार से अधिक मत, भाजपा की बढ़त पांच लाख पार हुयी

इंदौर, 04 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के इंदौर संसदीय क्षेत्र में इस बार कांग्रेस प्रत्याशी की अनुपस्थिति में नोटा यानी “इनमें से कोई नहीं” को मतगणना के दौरान 90 हजार से अधिक मत मिले हैं। सुबह 11 बजे तक भाजपा प्रत्याशी एवं मौजूदा सांसद शंकर ललवानी ने पांच लाख से अधिक मतों की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है।

इंदौर संसदीय सीट भी इस बार चर्चा में है, जहां पर कांग्रेस ने अक्षय कांति बम को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन नामांकन वापसी के दिन उन्होंने सभी को चौंकाते हुए न केवल अपना नामांकन वापस ले लिया, बल्कि कांग्रेस को अलविदा कह कर भाजपा का दामन भी थाम लिया। इसके बाद इंदौर से कांग्रेस का कोई अधिकृत प्रत्याशी चुनावी मैदान में नहीं रहा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के अन्य नेताओं ने यहां लोगों से “नोटा” को वोट देने की पुरजोर अपील की।

मतणगना संबंधी सुबह 11 बजे तक सामने आए रुझानों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी श्री ललवानी ने 5,24,320 मत हासिल कर पांच लाख से अधिक मतों की बढ़त बना ली है। यहां पर दूसरे क्रम पर बरकरार बसपा के संजय सोलंकी हैं, जिन्होंने 22,446 मत हासिल किए हैं। लेकिन यदि नोटा से तुलना की जाए तो भाजपा प्रत्याशी ने 4,34,053 मतों की बढ़त बनायी हुयी है। अब तक मिले रुझानों के अनुसार इंदौर के 90,267 मतदाताओं ने इस चुनाव में नोटा को चुना है।

इंदौर में भाजपा के श्री ललवानी के अलावा कुल 13 और प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें प्रमुख प्रत्याशी के तौर पर कोई भी मौजूद नहीं है। इंदौर भाजपा का अभेद गढ़ माना जाता है और यहां पिछले कुछ दशकों से भाजपा लगातार विजय दर्ज कराती आ रही है।

Next Post

मतगणना के आठ राउंड की समाप्ति तक भाजपा का नहीं खुला खाता

Tue Jun 4 , 2024
चंडीगढ़ 04 जून (वार्ता) लोकसभा चुनाव 2019 में राज्य की दो सीटों पर विजयी रही भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 में मतगणना के आठ राउंड समाप्त होने तक एक भी सीट पर बढ़ नहीं बना पाई है। भाजपा विराधी किसान आंदोलन का असर भाजपा के अलावा शिरोमणि अकाली दल […]

You May Like