सतना :रीवा-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में सवार यात्रियों के बीच बुधवार की सुबह उस वक्त हडक़ंप मच गया जब झुकेही रेलवे स्टेशन पर खड़े होते ही ट्रेन के एक कोच में अचानक फायर सेफ्टी अलार्म बज उठा और साथ ही रेलवे स्टेशन से कोच को खाली करने की उद्घोषणा की जाने लगी. इस दौरान यात्रियों के बीच कुछ हद तक भगदड़ जैसी स्थिति बनती नजर आने लगी. हलांकि जांच में जब किसी तरह की खामी नहीं पाई गई तो कुछ देर बाद ट्रेन को जबलपुर के लिए रवाना कर दिया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रीवा-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस हर रोज की तरह अपने समय के अनुसार ही रीवा से रवाना हुई. सतना और मैहर रेलवे स्टेशन को पार करने के बाद बुधवार की सुबह साढ़े 8 बजे जैसे ही यह ट्रेन झुकेही रेलवे स्टेशप पर जाकर खड़ी हुई वैसे ही ट्रेन के कोच क्रमांक सी-1 में अचानक ही फायर सेफ्टी अलार्म बजने लगा. फायर सेफ्टी अलार्म की आवाज सुनकर कोच में सवार यात्रियों के बीच हडक़ंप मच गया.
जिसके चलते कुछ यात्री भागकर ट्रेन से नीचे उतर गए. इसी दौरान फायर सेफ्टी अलार्म को सुनते ही रेलवे स्टेशन से भी इस बात की उद्घोषणा की जाने लगी कि सभी यात्री तुरंत बोगी को खाली कर दें. लिहाजा धुआं और आग की आशंका को देखते हुए यात्रियों के बीच कुछ हद तक भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई. आनन-फानन में यात्रियों अपना सामान उठाकर कोच से बाहर निकलने लगे और दूर भागने की कोशिश की. इस दौरान रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बनता नजर आने लगा.
इसी कड़ी में वहां पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ स्टॉफ के साथ ही रेलवे का तकनीकी अमला हरकत में आया. ट्रेन के सी-1 कोच की जांच शुरु की गई. जांच के दौरान कोच में कहीं पर भी आग लगने अथवा उसकी संभावना नहीं दिखाई दी. लिहाजा पूरी तरह तस्दीक करने के बाद यात्रियों को ट्रेन में सवार होने की समझाइस दी गई. जिसके चलते काफी यात्री तो ट्रेन में वापस सवार हो गए. जबकि घटना से सहमे कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा को वहीं पर स्थगित कर दिया. झुकेही रेलवे स्टेशन पर 20 मिनट तक खड़ा रखने के बाद सुबह 8:50 पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया.
सिगरेट के धुएं की आशंका
जीआरपी प्रभारी शिवकुमार गौतम के अनुसार प्रथम दृष्ट्या यह माना जा रहा है कि ट्रेन के कोच में सवार किसी यात्री ने उस स्थान पर सिगरेट पी होगी जहां पर स्मॉग सेंसर लगा हुआ है. धुएं की अधिकता की वजह से स्मॉग सेंसर ने डिटेक्ट किया और फायर अलार्म बजने लगा. लिहाजा इस मामले में आरोपी व्यक्ति की पहचान करने के लिए कोच और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. किसी व्यक्ति की शरारत के चलते एक ओर जहां यात्रियों के बीच पैनिक हुआ वहीं दूसरी ओर ट्रेन की डीटेन हुई. लिहाजा इस मामले में पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि कुछ समय पहले सतना रेलवे स्टेशन पर भी इसी तरह की शरारत के चलते स्मॉग सेंसर एक्टीवेट होने पर एक्सप्रेस ट्रेन के पहिए जाम हो गए थे.
