इंदौर:राष्ट्र सेविका समिति के तत्वावधान में अपने स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को पथ संचलन निकाला गया. संचलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया.ये महिलाएं पूर्ण गणवेश में गुणवत्ता के साथ कदम से कदम मिलाकर संचलन कर रही थीं. पथ संचलन का समाजजनों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया. दशहरा मैदान से शुरू हुआ संचलन उषानगर चौराहा, रणजीत हनुमान मंदिर, आदित्य नर्सिंग होम, नरेंद्र तिवारी मार्ग, बैंक कॉलोनी होते हुए पुनः दशहरा मैदान पर पहुंचकर समाप्त हुआ.
कार्यक्रम की अध्यक्षता नाना महाराज तराणेकर संस्थान की संचालिका श्रीमती जयश्री तराणेकर ने की. अरिहंत कॉलेज की सीईओ डॉ. कविता कोठारी के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में एकल गीत श्रीमती संजना चौधरी ने लिया. संचालन श्रीमती विभूति व्यास ने किया.
संचलन के पूर्व समिति की मालवा प्रांत कार्यवाहिका सुश्री भारती कुशवाह ने अपने उद्बोधन में बताया कि संघ एवं समिति का मुख्य उद्देश्य तेजस्वी हिन्दू राष्ट्र का पुननिर्माण करना, निर्मल मन से समाज व राष्ट्र कार्य के लिए समर्पित होना, पंच परिवर्तन को जीवन में अमल करके परिवार के साथ-साथ राष्ट्र में भी समरसता का भाव जगाना, स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग कर राष्ट्र की आर्थिक स्थिति को समृद्ध एवं मजबूत बनाना, पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करना तथा स्वच्छता के लिए जागरूक रहना. उन्होंने कहा कि ये सभी कार्य न केवल हम स्वयं करें अपितु अपने संपर्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को भी इसके लिए प्रेरित करें, तभी हम राष्ट्र के,भारत माता के गौरव को विश्व में पुनः प्रतिष्ठित कर सकेंगे.
