इंदौर: कल समीक्षा बैठक में महापौर ने पश्चिम क्षेत्र की लिंक रोड को मास्टर प्लान में संशोधन करने का प्रस्ताव रखा. इस पर एसीएस ने कहा कि आप संभागायुक्त के माध्यम से भेजें, इसके बाद आगे की कार्रवाई करेंगे.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कल शहर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में एसीएस संजय दुबे के सामने मास्टर प्लान में संशोधन करने का प्रस्ताव रखा.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में दुबे से कहा कि चंदन नगर से एयरपोर्ट रोड को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क है. इसको 40 साल में कोई नहीं बना पाया है. नगर निगम ने उक्त सड़क का नया मार्ग ढूंढ कर लिंक रोड की लाइन डालकर टेंडर कर दिया है. सड़क का काम शुरू करना प्राथमिकता भी है, इससे यातायात को गति मिलेगी और एयरपोर्ट से सीधे जुड़ने से शहर में यातायात का दबाव भी कम होगा.
टीएनसीपी से संशोधन करवाकर देंगे
एसीएस संजय दुबे ने महापौर के प्रस्ताव पर कहा कि आप संभागायुक्त राजस्व के द्वारा प्रस्ताव भिजवाए. फिर हम टीएनसीपी से संशोधन का काम करवाकर देंगे.
