
श्योपुर। हजारों किसानों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। हाल ही में हुई बारिश से धान की फसल बर्बाद होने के बाद मुआवजा न मिलने से नाराज किसान जल्द से जल्द शत-प्रतिशत मुआवजे की मांग कर रहे थे।
जिले के विभिन्न गांवों से किसान ट्रैक्टर, बाइक और पैदल श्योपुर पहुंचे। सभी पहले स्टेडियम मैदान में एकत्रित हुए, जहां से उन्होंने नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च शुरू किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।किसानों के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर फसल बर्बादी के मुआवजे और बिजली बिल माफी की मांग लिखी थी। किसानों की मुख्य मांग थी कि लगातार बारिश से पूरी तरह खराब हुई धान की फसल का शत-प्रतिशत और शीघ्र मुआवजा दिया जाए। उनका कहना था कि खेतों में खड़ी फसल गल-सड़ गई है, वहीं कटी हुई फसल भी बारिश में भीगकर खराब हो गई। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। दोपहर तक किसानों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि मुख्य सड़क पर जाम लग गया। पुलिसकर्मियों ने किसानों से शांति बनाए रखने की अपील की।इसके बाद कलेक्टर ने स्वयं किसानों से मुलाकात की।
