सीहोर। ब्रिज कार्पोरेशन और रेल्वे विभाग द्वारा हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी रेल्वे क्रासिंग पर रेल्वे ओवर ब्रिज अनियमितताओं को लेकर विवादों में है. बुधवार को अनेक कॉलोनी के वरिष्ठ लोगों ने ओवर ब्रिज के पास सांकेतिक धरना देकर ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन लेने पहुंचे तहसीलदार ने निर्माणाधीन ओवरब्रिज के दोनों तरफ सर्विस रोड को लेकर निरीक्षण किया. कालोनी के लोगों ने मांग र्की है कि निर्माणाधीन ब्रिज के कारण क्रासिंग से भोपाल की ओर उत्तर दिशा स्थित लगभग 5 हजार कॉलोनीवासियों का एक मात्र पहुंच मार्ग बंद हो गया है। विभाग द्वारा पूर्व से कोई प्लानिंग नहीं की गई है, तथा एक स्तर हीन एवं अमानक पहुंच मार्ग बनाया गया जिससे आए दिन दुर्घटनाये हो रही हैं. ब्रिज के दोनों तरफ सर्विस रोड निर्माण किया जाए.
समिति के घनश्याम गुप्ता एवं मनोज गुजराती ने बताया कि प्रभावित कॉलोनियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन हेतु, उक्त स्वीकृत राशि से सर्विस रोड का निर्माण होना है. इस राशि का कहीं अन्यत्र उपयोग न हो यह निर्देश जारी किया जाए. साथ ही इस हेतु प्रस्तावित लेआउट तत्काल तैयार करने हेतु संबंधित विभाग को निर्देश जारी किया जाए ताकि कॉलोनी वासियों को ब्रिज निर्माण के पहले सर्विस रोड निर्मित होकर सुगम एवं सुरक्षित आवागमन हेतु मार्ग मिल सके.
