भारत की महासागर योजना में एक महत्वपूर्ण भागीदार है सेशेल्स: उपराष्ट्रपति राधाकृषणन

नयी दिल्ली/ विक्टोरिया (सेशेल्स) , 26 अक्टूबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सेशेल्स को हिंद महासागर क्षेत्र में पारस्परिक सुरक्षा और विकास के बारे में भारत की वृहद योजना में एक महत्वपूर्ण भागीदार बताया है।

उपराष्ट्रपति सेशेल्स की दो दिन की यात्रा पर रविवार को यहां पहुंचे। उन्होंने सेशेल्स में रह रहे भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हिंद महासागर क्षेत्र से जुड़े देशों की सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र उन्नति की सोच पर आधारित- ‘महासागर’ विज़न (सपना)- “एक आज़ाद, खुले और सुरक्षित हिंद महासागर के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता को दिखाता है।”

श्री राधाकृष्णन ने कहा कि सेशेल्स, प्रधानमंत्री मोदी की इस वृहद सोच में एक महत्वपूर्ण प्रमुख भागीदार है। उपराष्ट्रपति ने इस बात पर विशेष रूप से प्रकाश डाला कि भारत के महासागर विजन और दक्षिणी गोलार्ध के विकासशील देशों की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में सेशेल्स एक महत्वपूर्ण भागीदार बना हुआ है। इससे पहले उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन रविवार सुबह नयी दिल्ली से दो दिन की यात्रा पर सेशेल्स के लिए रवाना हुए। श्री राधाकृष्णन की सेशेल्स की यह यात्रा वहां की सरकार के निमंत्रण पर हो रही है।

उपराष्ट्रपति इस यात्रा में सेशेल्स के निर्वाचित राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के विक्टोरिया में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

 

Next Post

दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा पर तेजाब से हमला, तीन की पहचान

Sun Oct 26 , 2025
नयी दिल्ली 26 अक्टूबर (वार्ता) राजधानी के भारत नगर इलाके में रविवार को मोटरसाइकिल से आए तीन युवकों ने एक 20 वर्षीय छात्रा पर तेजाब से हमला करके उसे घायल कर दिया। पीड़ित छात्रा घटना के समय अशोक विहार स्थित लक्ष्मीबाई कॉलेज में एक अतिरिक्त कक्षा के लिए जा रही […]

You May Like