
सागर। रोटरी क्लब सागर द्वारा संचालित संभाग के अत्याधुनिक रोटरी डायग्नोस्टिक सेंटर का शुभारंभ पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रह्लाद पटेल एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि मंत्री श्री पटेल ने कहा कि रोटरी क्लब का यह संकल्प स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि सागर शहर सहित संपूर्ण बुंदेलखंड के नागरिकों को अब अत्याधुनिक जांच सुविधाएं एक ही छत के नीचे सुलभ होंगी। पहले जिन जांचों में सात दिन लगते थे, अब वे मात्र तीन दिनों में पूरी होंगी, वह भी 20% की छूट के साथ। यह कदम मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ा राहत भरा होगा।मंत्री श्री राजपूत ने रोटरी क्लब को “समाजसेवा और जनसेवा का पर्याय” बताया। उन्होंने कहा कि क्लब द्वारा संचालित यह केंद्र जनता को समय पर जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराएगा। रोटरी जहां जुड़ता है, वहां सेवा अपने आप आ जाती है।विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि यह केंद्र सागर की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा। अब नागरिकों को जटिल जांचों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह सस्ता, सुलभ और सटीक जांच का भरोसेमंद केंद्र बनेगा। डायग्नोस्टिक सेंटर के निदेशक आकाश बजाज एवं मुकेश साहू ने बताया कि केंद्र में नवीनतम तकनीक की ऑटोमेटिक मशीनें स्थापित की गई हैं। यहां एक ही छत के नीचे इको, फार्मेसी, डॉक्टर ओपीडी, ब्लड बैंक सहित सभी जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विशेष रूप से मॉलेक्युलर पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और कैंसर जांचें, जो पहले सागर में संभव नहीं थीं, अब यहीं की जा सकेंगी। रिपोर्ट मात्र 2 से 3 दिनों में उपलब्ध होगी। सभी जांचें एमडी पैथोलॉजिस्ट डॉ. नैंसी के सुपरविजन में की जाएंगी, जिससे परिणाम सटीक और विश्वसनीय रहेंगे।
