फर्ज पहले: दिवाली की रात डॉ. राजपूत की टीम ने जटिल ऑपरेशन कर गर्भवती की जान बचाई

गुना: दिवाली की छुट्टियों के बीच जब अधिकांश लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मना रहे थे, उसी समय जिला अस्पताल गुना की स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की टीम ने मानवीय सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश किया। डॉक्टरों ने इमरजेंसी में अत्यंत जटिल सर्जरी कर नौ महीने की गर्भवती महिला की जान बचा ली।जानकारी के अनुसार ग्राम सुजाखेड़ी निवासी निकिता पत्नी सोनू यादव को रविवार शाम करीब 5:30 बजे गंभीर प्रसव पीड़ा के कारण जिला अस्पताल लाया गया। जांच में पता चला कि गर्भ में पल रहा शिशु पहले ही मृत हो चुका था और गर्भ में फंसा हुआ था, जिससे सामान्य प्रसव संभव नहीं था। प्रसूता का ब्लड प्रेशर तेजी से गिर रहा था और बच्चेदानी फटने की स्थिति बन गई थी।
स्थिति की गंभीरता समझते हुए गायनाकोलॉजिस्ट डॉ. सतीश सिंह राजपूत ने सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र रघुवंशी को स्थिति से अवगत कराया और उनके मार्गदर्शन में मरीज के परिजनों की सहमति से तत्काल ऑपरेशन शुरू किया गया। सर्जरी के दौरान पता चला कि बच्चेदानी वास्तव में फट चुकी थी और रक्तस्राव तेजी से हो रहा था। डॉक्टरों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृत शिशु को बाहर निकाला और एक यूनिट खून चढ़ाकर प्रसूता की जान बचाई।

इस कठिन ऑपरेशन में डॉ. रुचि राणा (एनेस्थेटिस्ट), डॉ. दिव्या बारेला, नर्सिंग स्टाफ नीरमा, नेहा, नगमा, और वार्ड बॉय सुरेखा व नाईम ने पूरी निष्ठा से योगदान दिया। त्योहार की रात भी सभी ने ड्यूटी को सर्वोपरि रखते हुए मानवीय सेवा का परिचय दिया।डॉ. राजपूत ने बताया कि यह केस अत्यंत गंभीर था, क्योंकि मृत शिशु नौ महीने का था और बच्चेदानी फटने की स्थिति में मरीज को बचाना बेहद कठिन होता है।

उन्होंने कहा कि टीम के सामूहिक प्रयास और समय पर लिए गए निर्णय से प्रसूता को सुरक्षित बचाया जा सका। पूर्व में भी डॉ. राजपूत ने ऐसे कई जटिल प्रसव सफलतापूर्वक कराए हैं।इस बार भी उन्होंने और उनकी टीम ने यह सिद्ध कर दिया कि सच्ची सेवा वही है, जो जरूरत के समय की जाए चाहे त्योहार हो या अवकाश का दिन।

Next Post

हत्या के प्रयास के पाँच आरोपी चंद घंटो मे गिरफ्तार

Wed Oct 22 , 2025
सतना: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सोहोल में पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में घटना करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक योगेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में फरियादी चंदन शर्मा पिता लक्ष्मीदीन शर्मा […]

You May Like