इंदौर: बड़ा गणपति चौराहे के पास आनंद सेव भंडार के समीप सीताराम पार्क गली में हुई प्रॉपर्टी ब्रोकर राहुल उर्फ अंकित की हत्या का मल्हारगंज पुलिस ने मात्र 24 घंटे में खुलासा कर दिया. पुलिस ने पुराने विवाद के चलते वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हत्याकांड में उपयोग की गई कैंची व बाइक भी जप्त कर ली, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि घटना 17 अक्टूबर की रात हुई थी, जब आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते अंकित पर कैंची से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई.
टीम ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, आरोपियों के रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी. पुलिस गिरफ्त में आए मल्हारगंज तेली बाखल निवासी 52 वर्षीय राजेश शर्मा उर्फ राजू पंडित और समाजवासी इंदिरा नगर में रहने वाले 40 वर्षीय राकेश उर्फ लालू तिवारी की निशानदेही पर हत्या कांड में उपयोग की गई कैंची और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है. दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है
