सतना: बहुप्रतीक्षित बरगी नहर परियोजना के तहत बन रही टनल का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। टनल बोरिंग मशीन (टी.बी.एम.) द्वारा अब तक 5,481 मीटर सुरंग निर्माण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, और अब इस मशीन को सुरंग से बाहर निकाला जा रहा है।इस परियोजना के अवशेष 670 मीटर हिस्से में अब ‘रॉबिंस ड्रिल मशीन’ द्वारा कार्य किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर निरीक्षण के लिए पहुंचे सतना सांसद गणेश सिंह ने गुरुवार को सुरंग निर्माण की प्रगति की समीक्षा की और तकनीकी टीम से जानकारी प्राप्त की।
जनवरी तक पूरा होने की उम्मीद
सांसद ने निरीक्षण के दौरान बताया कि यह कार्य क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। तकनीकी टीम और ठेकेदारों के अनुसार, जनवरी माह तक यह टनल निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा, जिससे नहर परियोजना के संचालन में गति आएगी। श्री सिंह ने न केवल उस स्थान का दौरा किया जहां वर्तमान में रॉबिंस मशीन कार्यरत है, बल्कि उन्होंने उस स्थल का भी निरीक्षण किया जहां टीबीएम मशीन को सुरंग से बाहर निकाला जा रहा है।
यह दोनों स्थान स्लिमनाबाद नगर क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। परियोजना से जुड़े इंजीनियरों और ठेकेदारों ने सांसद को बताया कि शेष कार्य पूरी गंभीरता और तकनीकी दक्षता से किया जा रहा है। रॉबिंस मशीन के अंतिम चरण तक पहुंचते ही उसे भी उसी स्थान से बाहर निकाला जाएगा जहां से टीबीएम मशीन को निकाला जा रहा है। सांसद ने कहा कि बरगी नहर परियोजना पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र की सिंचाई, जलापूर्ति और कृषि व्यवस्था को नया आयाम मिलेगा। यह परियोजना सैकड़ों गांवों और किसानों के लिए जीवन रेखा बनकर उभरेगी।
