अशोकनगर: केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चंदेरी में इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन स्कीम और हैंडलूम पार्क का दौरा किया। उन्होंने कलेक्टर, एसपी और परियोजना अधिकारियों के साथ बैठक कर बुनकरों को सीधे लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।सिंधिया ने कहा कि हर बुनकर सोने के समान है और उनकी सुरक्षा व समृद्धि मेरी जिम्मेदारी है।
उन्होंने हैंडलूम पार्क में कार्यरत 6,000 बुनकरों और 240 सक्रिय करघों की संचालन स्थिति का मूल्यांकन किया। उनका मानना है कि चंदेरी की हस्तकला विश्व स्तर पर अद्वितीय है और हाथों से बनने वाले प्रीमियम उत्पादों की मांग और बुनकरों का मुनाफा बढ़ना निश्चित है।
सिंधिया ने प्रशासन और परियोजना प्रमुख को समन्वित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, जिसमें बुनकरों की आय, उत्पादन और पार्क के प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष लाभों का विस्तृत मूल्यांकन शामिल हो। उन्होंने मानवीय सुविधाओं और तकनीकी उन्नयन पर भी जोर दिया।इस अवसर पर चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
