
भोपाल।कोलार पुलिस ने प्रियंका नगर में बरामद हुए मानव अंग के शव से प्रिज़र्व किए गए बॉडी पार्ट्स को डीएनए एनालिसिस के लिए फारेसिंक साईंस लेब्रोट्री भेजा है, जिससे लिंग निर्धारण कराया जाएगा. अबतक की पुलिस जांच में 4 अलग-अलग टीमें शव की पहचान के लिए प्रयास कर रही है. भोपाल नगर क्षेत्र, सीमावर्ती जिलों एवं थानों में दर्ज गुमशुदगी के प्रकरणों से शव की तस्दीक कराई जा रही है. आसपास के क्षेत्र में घर-घर पूछताछ, दुकानदारों एवं स्थानीय निवासियों से जानकारी एकत्र की जा रही है. क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि शव मिलने के पूर्व किसी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति का पता लगाया जा सके. सर्च ऑपरेशन एवं विशेष टीम भी गठित की गई है. जो डी-मार्ट क्षेत्र एवं आसपास के नालों, झाड़ियों, खाली स्थानों में सर्च ऑपरेशन चला रही है. साथ ही संभावित रूप से शव के अन्य भागों या संबंधित साक्ष्यों की तलाश की जा रही है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 अक्टूबर क्षेत्र के पुलिस हाउसिंग सोसायटी मोड़ के पास, प्रियंका नगर मे एक खाली निर्माणाधीन बेसमेंट मे मानव अंग मिलने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना पर पुलिस दल द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर मर्ग कायम कर जांच में लिया गया.
घटनास्थल पर अज्ञात शव का एक पैर, दुसरे पैर की हड्डी व एक हाथ की हड्डी के अतिरिक्त मृतक के धड़ व सिर का हिस्सा नही मिला है. मौके पर पाए गए शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत एवं सड़ी-गली अवस्था में थी, जिससे शव की पहचान तत्काल रूप से संभव नहीं हो सकी. घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई.
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं साक्ष्य संकलन किया गया. एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन किया। मानव अंग के साथ मिले दुपट्टे पर अंकित कंपनी/फर्म का नाम की जानकारी प्राप्त की गई है जिससे कंपनी/फर्म के संचालक से भोपाल एवं मध्यप्रदेश मे सप्लाई करने वाले डिस्ट्रीब्यूटर की जानकारी प्राप्त कर दुपट्टे के संबध मे जानकारी प्राप्त की जा रही है. शव को पीएम के लिए शासकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा विस्तृत पोस्टमार्टम किया गया. मानव अंग को लेकर यह कयास लगाया जा रहा है कि शव किसी वयस्क व्यक्ति का प्रतीत होता है. शरीर पर किसी प्रकार की बोन इंजरी या गंभीर बाहरी चोट नहीं पाई गई है. शव की स्थिति ऐसी है कि यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि मृतक पुरुष है या महिला.
