
गुना। धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम बीलाखेड़ी की डेढ़ दर्जन से अधिक महिलाओं ने गुरुवार को हनुमान चौराहे पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि गांव के कुछ पारदी बदमाशों ने उनके खेतों पर कब्जा कर लिया है और उन्हें खेती नहीं करने दी जा रही है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि करीब सवा साल पहले इन्हीं बदमाशों ने उनके एक बेटे की हत्या कर दी थी, लेकिन पुलिस ने अब तक कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि करीब 15 से 17 परिवारों की 300 बीघा जमीन बदमाशों के कब्जे में है, जिससे परिवार भूखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज महिलाओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त किया। महिलाओं ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।
