सतना : जिले के नागौद क्षेत्र में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब माएके में रह रही एक महिला का शव घर ममें रखी पानी की टंकी में पाया गया. हलांकि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या के तौर पर सामने आ रहा है. लेकिन पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती सुधा अग्रवाल का विवाह मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में हुआ है. वे पिछले कुछ दिनों से नागौद स्थित अपने माएके में रह रही थीं. बुधवार की सुबह जब परिजन सोकर उठे तो उन्हें सुधा अपने कमरे में नहीं दिखाई दीं. जिसके चलते उन्हें खोजने का प्रयास शुरु हुआ.
लेकिन जब सभी कमरों में खोजने के बावजूद भी जब श्रीमती सुधा का कोई पता नहीं चला तो घरवालों को अनहोनी की आशंका होने लगी. इसी दौरान खोजबीन करते हुए परिजनों की नजर घर के अंदर मौजूद पानी की टंकी के खुले ढक्कन पर पड़ी. पानी की टंकी में झांक कर देखते ही परिजनों के होश उड़ गए. श्रीमती सुधा टंकी के पानी में डूबी नजर आईं. आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. जिसके चललते घटना की सूचना पुलिस को दी गईं. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया.
मानसिक तनाव की आशंका
माएके पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि श्रीमती सुधा पिछले काफी समय से मानसिक तनाव व बीमारी से जूझ रही थीं. जिसके चलते उनका उपचार भी चल रहा था. इसी कड़ी में संभावना जताई गई कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने इस तरह का आत्मघाती कदम उठा लिया होगा. वहीं अचानक यह घटना सामने आने पर परिजन काफी व्यथित और कुछ भी बता नहीं पाने की स्थिति में नजर आए. वहीं पुलिस द्वारा जांच के लिए मृतका का मोबाइल और अन्य सामान जब्त कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.
