
छिंदवाड़ा। विश्व पर्यटन दिवस पर तामिया में पहली बार मैराथन दौड़ का ऐतिहासिक आयोजन हुआ, जिसमें देश के 9 राज्यों और 20 जिलों से आए 600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. कुल 746 ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 623 धावक शामिल हुए. कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, महापौर विक्रम अहके सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया.
21 किमी की मुख्य दौड़ में पुरुष वर्ग में भदोही (उ.प्र.) के सतीश वर्मा और महिला वर्ग में कानपुर की याशी सचान विजेता बने, दोनों को 31-31 हजार रुपये पुरस्कार मिला. द्वितीय स्थान पर मिर्जापुर (उ.प्र.) के धीरज यादव और भोपाल की प्राची वडियार रहे, जबकि तृतीय स्थान पर सतना के अभिषेक सोनी और तामिया की माधुरी नर्रे ने स्थान पाया। 11 किमी और 5 किमी वर्ग में भी पुरुष एवं महिला धावकों को विजेता घोषित कर मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए.
मैराथन में 8 वर्षीय प्रयान उट्टी और 72 वर्षीय एस.बी. सोनटके को सबसे कम और ज्यादा उम्र के प्रतिभागी होने पर सरप्राइज गिफ्ट दिए गए. बारिश की फुहारों के बीच हुई इस दौड़ ने तामिया में पर्यटन और खेलों की नई शुरुआत दर्ज की.
