
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनंदनी पुरम सटई रोड पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। 35 वर्षीय दुर्गेश शुक्ला की नवनिर्मित मकान में पानी की टंकी भरते समय करंट लगने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्गेश अपने नए मकान की दूसरी मंजिल पर मोटर चलाकर पानी की टंकी भर रहे थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए और पानी से भरी टंकी में डूब गए। लगभग दो घंटे बाद उनके पिता ने टंकी में शव देखा और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
परिजनों ने बताया कि मृतक के पिता प्रेमनारायण शुक्ला भोपाल में पोस्ट अधीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। दुर्गेश ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और मात्र दो महीने पहले ही उनका विवाह हुआ था। इस समय घर का निर्माण कार्य भी चल रहा था।
थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
